फलोटा गांव में दसवीं पुण्यतिथि पर शहीद को दी गई श्रद्धांजलि
सिमली बेस अस्पताल शहीद सूरज के नाम पर रखने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सूरज तोपाल की दसवीं पुण्यतिथि पर ब्लॉक के फलोटा गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने शहीद की आदमकद मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा। राष्ट्रगान के साथ शहीद सूरज तोपाल अमर रहे के नारे लगाए जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस दौरान ग्रामीणों ने सिमली बेस अस्पताल शहीद सूरज के नाम रखने की मांग की।
कार्यक्रम में शहीद के पिता नारायण सिंह सहित अन्य परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं प्रिंस भंडारी और मानवी रावत को भी सम्मानित किया गया। प्रदेश सरकार में दायित्वधारी रमेश गड़िया, पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, कपीरी संघर्ष समिति के अध्यक्ष खिलदेव सिंह रावत और क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र तोपाल शास्त्री ने कहा कि शहीद सूरज का यह अतुलनीय बलिदान पूरा देश हमेशा याद रखेगा। रमेश गड़िया ने बेस अस्पताल के लिए चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र सिंह नेगी और नैनीसैण में शिक्षकों की मांग को लेकर संघर्षरत पीटीए अध्यक्ष राकेश नेगी के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की। इस अवसर पर भगवान कंडवाल, प्रताप तोपाल, पूर्व प्रमुख नरेंद्र सिंह भंडारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष उत्तम सिंह तोपाल, संजय कंडवाल, मातवर तोपाल आदि मौजूद रहे।