छात्रों ने जिला प्रशासन से लगाई मार्ग निर्माण की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदानगर। राजकीय महाविद्यालय नंदानगर तक पहुंचने वाला करीब 600 मीटर पैदल मार्ग बदहाल स्थिति में है। ऊबड़-खाबड़ और क्षतिग्रस्त रास्ते के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बीमार, कमजोर और दिव्यांग के लिए महाविद्यालय तक पहुंचना चुनौती बना है।
महाविद्यालय के छात्र अनिल और मुकेश का कहना है कि कॉलेज भवन आबादी क्षेत्र से काफी दूर स्थित है। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण हर दिन पैदल चलना पड़ता है। महाविद्यालय तक मार्ग का निर्माण किया जाना चाहिए। वहीं नंदानगर व्यापार संघ के अध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि महाविद्यालय परिसर तक मार्ग निर्माण का प्रस्ताव पहले से तैयार है। इस संबंध में जिला प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उधर, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि मामले में संबंधित विभागों से जानकारी ली जाएगी। प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर कार्रवाई की जाएगी।