फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Badrnath Dham: आश्रम से भगवान नारायण का सोने का मुकुट चोरी, पांच दिन बाद हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Thu, 30 Jul 2026 02:47 PM IST
Renu Saklani संवाद न्यूज एजेंसी, जोशीमठ (चमोली)
विज्ञापन
आरोपी गिरफ्तार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी होने के मामले का चमोली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट, 4,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बैग बरामद कर लिया है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को आश्रम में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मकपाल निवासी ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले साधु राघवदास ने भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर थाना बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

संभावित ठिकानों पर दी दबिश
धार्मिक स्थल से भगवान के मुकुट की चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से लगातार छानबीन, संदिग्धों से पूछताछ और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
विज्ञापन


29 जुलाई को विवेचक उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (यूपी) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

ये भी पढे़ं...Chamoli: किमाना गांव में आया भारी मलबा-पानी, ग्रामीणों में दहशत, परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया

पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट और वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें