बदरीनाथ हाईवे पर चमोली बाजार में पुलिस का ट्रैफिक प्लान पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। यहां हाईवे किनारे वाहन पार्किंग होने से यात्रा वाहनों का जाम लग रहा है। बाजार के समीप ही ऑलवेदर रोड परियोजना की अधूरी हिल कटिंग से भी जाम की स्थिति बन रही है।
पुलिस प्रशासन की ओर से चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले चमोली बाजार में वाहन पार्किंग को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया था। लेकिन यात्रा शुरू होते ही वाहनों का दबाव बढ़ने से यहां दिनभर जाम की स्थिति बन रही है। नंदप्रयाग की ओर से बाजार के शुरुआत में नगर पालिका की पार्किंग है। यहां मानक से ज्यादा वाहनों की पार्किंग की जा रही है। साथ ही पीपलकोटी की ओर से भी हाईवे किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष धर्मेंद्र कुंवर का कहना है कि चमोली चाड़े पर अधूरी हिल कटिंग से जाम की स्थिति बन रही है। बाजार में वाहनों की नियंत्रित ढंग से पार्किंग की जा रही है।
क्या कहते हैं अधिकारी
बाजपुर चाड़े पर वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनीं हुई थी, जिसे देखते हुए पहले यहां पुल निर्माण व हिल कटिंग का काम किया गया। अब बाजपुर में काम पूर्ण हो गया है। तीर्थयात्रा धीमी पड़ते ही चमोली चाड़े में हिल कटिंग शुरू कर दी जाएगी।
एसए उस्मानी, महाप्रबंधक, एनएचआईडीसीएल, नंदप्रयाग।
चमाेली बाजार में नगर पालिका को शीघ्र पार्किंग हटाने के लिए लिखा गया है। यहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस की ओर से यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। हाईवे के किनारे से पार्किंग हट जाने के बाद जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
प्रमोद शाह, डीएसपी, चमोली