देवाल। ब्लॉक के रैन, गरसू, ओडर सहित पांच से अधिक गांवों और आसपास के क्षेत्रों में भालू आए दिन दिख रहा है। ऐसे में अभिभावक बच्चों को समूह में और सीटियां बजाकर व शोर मचाकर बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे हैं। रैन गांव के रविंद्र सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन से भालू इस क्षेत्र में हैं। ऐरठा के राजेंद्र कुमार ने बताया कि ऐरठा के 20 से अधिक बच्चे देवाल इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। भालू के डर के कारण अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने साथ में आ जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की। वहीं वन दरोगा विजयपाल ने बताया कि विभाग ने टीम गठित की है। क्षेत्र के रैन, गरसू, ओडर मुंदोली आदि क्षेत्रों में गश्त की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से समूह में जाने और भालू देखने पर वन विभाग को इसकी सूचना देने की अपील की। संवाद
इंसेट
झाड़ियों के कटान की मांग
कर्णप्रयाग। कालेश्वर के पूर्व प्रधान हरीश चौहान ने आबादी और गांवों के नजदीक वन और वन पंचायत क्षेत्रों से झाड़ियों के कटान की मांग की। बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ को भेजे ज्ञापन में हरीश चौहान ने कहा कि विकासखंड के बरसाली, मौणा, घाघू, उमट्टा बैरफाला में जहां इन दिनों भालू की दहशत बनी है वहीं आए दिन बंदर उत्पात भी मचा रहे हैं। गुलदार और लंगूरों से निजात दिलाने के लिए गांवों के नजदीक झाड़ियों का कटान जरूरी हो गया है। संवाद