विभिन्न मांगों को लेकर जोशीमठ ब्लाक के प्रधान संघ, सरपंच संघ और क्षेत्र पंचायत संगठन ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ सांकेतिक धरना दिया। लॉकडाउन के चलते जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पोस्टर लेकर धरना दिया।
जोशीमठ ब्लाक के प्रधान संघ के अध्यक्ष अनूप सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार से ग्राम पंचायतों को सशक्त करने, कोरोना से बचाव के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने, गांवों में आने वाले प्रवासियों की उचित मेडिकल जांच के बाद ही उन्हें गांवों में भेजने की मांग की। कहा कि स्थानीय प्रशासन को गांवों की समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। यदि इसके बाद भी उचित कार्रवाई नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।