16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे बदरीनाथ मंदिर के कपाट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पंच पूजाओं के साथ शुरू हो गई। पहले दिन विधि-विधान से गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इससे पहले गणेश भगवान की मूर्ति को मंदिर प्रांगण से बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीनाथ के साथ गणेश जी के भी दर्शन किए।
बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके तहत बृहस्पतिवार को प्रात:काल अभिषेक पूजा से पहले गणेश भगवान की मूर्ति को गर्भगृह में विराजमान कराया गया। इसके बाद बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, डॉ. रवींद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया ने पूजा-अर्चना कराई। सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद देर शाम गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजा के पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने संदेश जारी कर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवाण ने भी कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू होने पर बधाई दी।