बदरीनाथ धाम में इस यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या एक लाख के पार हो गई है। धाम में अब तक एक लाख 160 यात्री पहुंच चुके हैं। शनिवार को 2641 श्रद्धालु बदरीनाथ और 4754 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। केदारनाथ में भी श्रद्धालुओं की संख्या 90 हजार के पार हो चुकी है। यात्रियों में दर्शन को लेकर उत्साह बना है।
कोरोना संक्रमण के कारण उपजे हालातों को देखते हुए बदरीनाथ धाम में सीमित संख्या में यात्री पहुंच रहे थे, लेकिन लॉकडाउन में मिली छूट और बरसात खत्म होते ही बड़ी संख्या में यात्री बदरीनाथ धाम के दर्शन को पहुंचने लगे। कुछ दिनों से हर दिन दो हजार से अधिक यात्री धाम पहुंच रहे हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर को बंद होंगे। उम्मीद है कि तब तक यह संख्या काफी अधिक बढ़ जाएगी। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि शनिवार शाम तक बदरीनाथ में यात्रियों की संख्या 100160 और केदारनाथ में 90154 तक पहुंच गई है। दस दिनों से केदारनाथ धाम में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जिससे केदारनाथ से लेकर पड़ावों व केदारघाटी के बाजारों में कारोबार को भी गति मिली है। आए दिन केदारनाथ में बढ़ रहे श्रद्धालुओं के कारण कपाट बंद होने तक यह आंकड़ा डेढ़ लाख से अधिक पहुंचने की उम्मीद है।