घाट-नंदप्रयाग (19 किमी) सड़क का चौड़ीकरण कार्य न होने पर घाट क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा। सुरेंद्र भंडारी, मनोज कठैत, चरण सिंह नेगी, प्रेम सिंह राणा, सुरेंद्र सिंह, आलम राम और मान सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस मैदान गोपेश्वर में इस सड़क के चौड़ीकरण की घोषणा की थी। साथ ही वर्ष 2018 में थराली उप चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था। इसके बावजूद सड़क का चौड़ीकरण कार्य न कर सिर्फ कुछ जगहों पर सड़क का डामरीकरण कर इतिश्री कर दी गई है। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि इस मामले को दिखवाया जाएगा।