नारायणबगड़-परखाल-चोपता मोटर मार्ग पर मकानों और कृषि भूमि के ऊपरी क्षेत्र में डंपिंग जोन बनाने पर पालछूनी और पैठाणी के ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। ग्राम प्रधान मृत्युंजय परिहार ने एसडीएम को ज्ञापन देकर डंपिंग जोन मकानों से दूर बनाने की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि इन दिनों नारायणबगड़-परखाल-चोपता सड़क के सुधारीकरण का काम किया जा रहा है, लेकिन विभाग की ओर से गांव के ऊपरी क्षेत्र में डंपिंग जोन बनाने से मलबे से पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। साथ ही बरसात में मकानों व कृषि भूमि को नुकसान हो सकता है। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता जगबीर लाल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।