सात पदों के सापेक्ष दो ही टेक्नीशियन होने से जांचें हो रहीं प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिला अस्पताल गोपेश्वर में इन दिनों मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। ओपीडी में पर्ची कटवाने के लिए भी मरीजों को लाइन में लगना पड़ रहा है। अन्य दिनों में यहां ओपीडी 400 रहती है जबकि अब यह संख्या 500 से 600 पहुंच रही है। वहीं अस्पताल में सात पदों के सापेक्ष टेक्नीशियन दो ही हैं जिससे यहां जांचें भी प्रभावित हो रही हैं।
बरसात के मौसम में अधिकांश लोग वायरल से पीड़ित हैं। इस कारण जिला अस्पताल में ओपीडी 500 से 600 तक पहुंच रही है और लाइन लग रही है। अधिकांश को बुखार, गला दर्द, पेट दर्द है। गोपेश्वर गांव की बबली भट्ट का कहना है कि वे खून की जांच के लिए दो घंटे तक लाइन में लगे रहे लेकिन उन्हें दूसरे दिन आने के लिए कहा गया। जांच सिर्फ 12 बजे तक ही हो रही है। ऐसे में बैरंग लौटना पड़ा। अब अगले दिन आएंगे। इधर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने से जांचें भी बढ़ गई हैं। सीमित टेक्नीशियन से ही काम लिया जा रहा है।