बीएसएनएल में संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों का एक साल का मानदेय बकाया है। उन्हें दो या तीन महीने बाद एक माह का मानदेय दिया जा रहा है जिससे बैकलॉग बढ़कर एक साल हो चुका है। कर्मचारियों का कहना है कि मानदेय न मिलने पर परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
बीएसएनएल कैजुवल एंड कांट्रेक्टर वर्कर संघ के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह बिष्ट का कहना है कि श्रीनगर कार्यालय के अधीन वर्तमान में करीब 70 कर्मचारी संविदा के तहत काम कर रहे हैं, लेकिन उनका मानदेय समय पर नहीं दिया जाता। ऐसे में करीब 12 महीने का मानदेय बकाया चल रहा है। उनका पीएफ भी जमा नहीं किया जा रहा है। अभी तक सिर्फ एक महीने का पीएफ ही जमा किया गया है। इस संबंध में बीएसएनएल के जीएम अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि कुछ पुराने बिलों का मामला होने के साथ कुछ अन्य मसले भी थे, जिन्हें सुलझाया जा रहा है। कांट्रेक्टर को जल्द से जल्द भुगतान के लिए कहा जाएगा।