उत्तराखंड के श्रीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में कोरोना से संक्रमित एक महीने की बच्ची की मौत हो गई। उसे डिहाईड्रेशन था और बीपी लो हो रहा था। रुद्रप्रयाग निवासी परिजन उसे उपचार के लिए श्रीनगर लाए थे। बच्ची की मां भी पॉजिटिव आई थी।
मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि मक्कूमठ (रुद्रप्रयाग) की एक माह की नवजात बालिका को कोरोना होने पर 12 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे डिहाईड्रेशन था और बीपी लो हो रहा था। साथ ही अंदरूनी ब्लीडिंग हो रही थी। 13 मई की सुबह बच्ची की मौत हो गई।
उत्तराखंड: एंबुलेंस संचालकों की मनमानी पर लगी लगाम, ऊधमसिंह नगर में तय हुए रेट
बच्ची की मां भी पॉजिटिव आई थी और उन्हें भी डिहाईड्रेशन हो रहा था। वहीं मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में अन्य सात लोगों की भी मौत हो गई। जिसमें चार टिहरी निवासी, एक रुद्रप्रयाग, एक चमोली और एक कोरोना संदिग्ध था। वहीं ब्लाक खिर्सू में 86 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें कोठगी गांव के 14 लोग शामिल हैं। सीएमओ डा. मनोज शर्मा ने बताया कि बेस अस्पताल, श्रीकोट, डांग, आंचल डेरी, सुरालगांव, अलकनंदा विहार, भक्तियाना, केदार मोहल्ला, रामलीला मैदान, गोला बाजार, आरवीएनएल, एसएसबी, नयालगढ़, नर्सरी रोड एवं जीआईसी रोड सहित अन्य क्षेत्रों में संक्रमित मिले हैं।
गोपेश्वर में दो और नरेंद्रनगर में एक संक्रमित की मौत
पांच दिनों से गोपेश्वर कोविड सेंटर के आईसीयू में भर्ती दो कोरोना संक्रमितों ने बृहस्पतिवार सुबह दम तोड़ दिया। जबकि नरेंद्रनगर में एक संक्रमित की मौत हो गई। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. जीएस चुफाल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नंदप्रयाग की एक 65 वर्षीय महिला और मंडल घाटी की 45 वर्षीय महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि कई लोग अस्वस्थ होने पर भी अस्पताल में उपचार के लिए नहीं आ रहे हैं, जब स्थिति गंभीर हो रही है तभी मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं कोविड केयर सेंटर श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय में कोविड केयर सेंटर में भर्ती ज्ञानसू गांव निवासी (55) वर्षीय महिला की मौत हो गई। सीएमएस डा. नीरज राय ने बताया कि कोविड केयर सेंटर से बृहस्पतिवार को 11 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे है। जबकि 132 लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पांच गंभीर कोरोना संक्रमितों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।