कर्णप्रयाग। गैरसैंण पुलिस ने बिजली के तार चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जबकि अन्य आरोपियों की खोज की जा रही है। चोरों ने चोरी किए सामान को अन्य जगह ले जाते समय कुछ तार जंगल में छिपा दिए थे जबकि अन्य चोरी के सामान को कबाड़ियों को बेच दिया था। पुलिस ने जंगल में खोज करते हुए 600 मीटर तार बरामद किए।
पूर्व में मटियाला एवं घंडियाल धार में बिजली चोरी का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस को बीते रविवार को चोरी के आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस टीम की ओर से मटियाला-नौटी रोड पर सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आस मोहम्मद (37) निवासी महमूदपुर टिगरी जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अपने साथियों वसीम एवं मुजफ्फर के साथ मिलकर पूर्व में मटियाला एवं घंडियाल धार से 4 केबिल ड्रम खोलकर बिजली के तार चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस की ओर से अन्य साथियों की खोजबीन की जा रही है। संवाद