गढ़वाल आयुक्त ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 106 शिकायतें आईं जिसमें से कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं का गुणवत्ता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि सिर्फ कार्यालय में बैठकर समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता।
इस दौरान नैग्वाड़ निवासी सच्चिदानंद तिवारी ने अतिक्रमण व कृषि लीज पट्टा संबंधी शिकायत रखी। आयुक्त ने एसडीएम व तहसीलदार को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। देवर खडोरा की विजया देवी ने पति की ओर से भरण पोषण भत्ता नहीं देने, प्रधान संगठन ने मनरेगा भुगतान, विलेज डेवलपमेंट प्लान सहित अन्य शिकायतें कीं। ब्रह्मसैंण निवासी ऊषा देवी ने भू धंसाव से उत्पन्न समस्या रखी। आयुक्त ने सभी शिकायतों के 15 दिन में निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप वन संरक्षक बदरीनाथ प्रणाली रमेश, डीएफओ केदारनाथ रजत सुमन, एसडीएम विवेक प्रकाश आदि मौजूद रहे।
पीएम आवास योजना की जांच के निर्देश
- जस्यारा निवासी रणजी लाल ने पीएम आवास योजना को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इसपर आयुक्त ने एसडीएम कर्णप्रयाग को जांच कर पात्रता का परीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं रणजीत लाल ने पैर की बीमारी की बात कही, आयुर्वेदिक अस्पताल से उपचार कराने पर अपेक्षित लाभ नहीं होने की बात पर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट में एंबुलेंस मंगाई और उन्हें जिला अस्पताल में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीएमजीएसवाई के अधिकारी बोले, नहीं बन पाएगी डुमक सड़क
- बेमरू मठ के प्रधान रविंद्र नेगी ने सैंजी लग्गा कुजौ मैकोट-डुमक कलगोठ सड़क का मुद्दा उठाया। कहा कि इस सड़क को 15 किमी बनाने के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया है। आयुक्त के पूछने पर पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने बताया कि भू-वैज्ञानिकों की रिपोर्ट में छह से सात किमी हिस्से को भूस्खलन वाला बताया गया है। ऐसे में इस सड़क का बनना असंभव है। रविंद्र नेगी के सड़क सुविधा के सवाल पर गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि सड़क के लिए जो अन्य विकल्प पर काम किया जाएगा।