अनशन पर बैठे उमेश खंडूड़ी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचाया अनशन खत्म
महिला बेस अस्पताल सिमली में सुविधाओं की मांग के लिए डटे थे अनशन पर
स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य महानिदेशक को दिया पत्र, मिला आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। महिला बेस अस्पताल सिमली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग को लेकर चल रहा आमरण अनशन तीसरे दिन समाप्त हो गया। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने उमेश खंडूड़ी का स्वास्थ्य जांचा तो उनके स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे और बताया कि स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद जूस पिलाकर ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष उमेश खंडूड़ी का अनशन खत्म कराया गया।
उमेश खंडूड़ी पांच जून से सत्याग्रह आंदोलन कर रहे थे और 13 जून से आमरण अनशन पर बैठे थे। तीसरे दिन स्वास्थ्य परीक्षण में उनका शुगर स्तर 60, बीपी 110/70 तथा वजन दो किलो कम पाया गया। तेज बुखार और शरीर में पानी की कमी के कारण उन्हें 108 सेवा की मदद से महिला बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्णा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, तकनीशियनों तथा अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित मांगों का पत्र स्वास्थ्य महानिदेशक को भेज दिया गया है। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। इसके बाद उन्होंने उमेश खंडूड़ी को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। इस मौके पर ग्राम प्रधान संघ थराली के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, उषा देवी, विनीता डिमरी, भागवत मैठाणी, क्षेपंस भगवान कंडवाल, नरेंद्र तोपाल शास्त्री, तहसीलदार राम किशोर ध्यानी, एसआई सुनील कुमार, एसआई सरोज नौटियाल आदि मौजूद थे।