सीएम हेल्पलाइन संबंधी शिकायतों की डीएम ने की समीक्षा
डीएम बोले- कार्यप्रणाली में लाएं सुधार, 300 से अधिक शिकायतें हैं लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। सीएम हेल्पलाइन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में कुछ अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर डीएम गौरव कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के लंबित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई और कार्मिकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक की गई। हेल्पलाइन पर 300 से अधिक शिकायतें लंबित हैं। इसपर डीएम ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कार्मिकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की जरूर है। शिकायतों को लेवल-1 स्तर पर ही निस्तारित किया जाए। शासन स्तर पर लंबित शिकायतों के लिए विभागों को समन्वय बनाकर निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं बैठक में जीएसटी विभाग, सहकारिता विभाग के अधिकारी और अर्थ एवं संख्याधिकारी अनुपस्थित रहे। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी, एसडीओ विकास दरमोड़ा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
-
कहां कितनी शिकायतें लंबित
- डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश आर्य ने बताया कि चमोली जिले की वर्तमान में एल-1 और एल-2 पर 230 शिकायतें लंबित हैं। एल-3 स्तर पर 43 और एल-4 स्तर पर 37 शिकायतें लंबित हैं। एल-1 स्तर पर सर्वाधिक 22 लंबित शिकायतें लोनिवि की हैं, राजस्व विभाग की 19, ऊर्जा निगम व पेयजल विभाग की 13-13 शिकायतें लंबित हैं।