जिला चिकित्सालय में संचालित कोविड कंट्रोल रूम का जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने निरीक्षण किया। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के साथ लगातार संपर्क में रहने और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के निर्देश दिए, साथ ही गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सा टीम के माध्यम से तत्काल उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने कहा कि अगर होम आइसोलेशन में रखे जिन व्यक्तियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनकी सूची बीआरटी व सीआरटी के साथ शेयर करें। ग्राम प्रधानों से भी संपर्क करते हुए कोविड संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली जाए। इस दौरान डीएम ने कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती मरीजों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कोविड के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कोविड केयर सेंटर में भर्ती मरीजों की लगातार जानकारी लेते रहने, किसी भी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल, चिकित्सा अधीक्षक डा. जीएस चुफाल, कोविड प्रभारी/एसीएमओ डा. उमा रावत और आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी आदि मौजूद थे।