आरोपियों की गिरफ्तारी और अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिला अस्पताल में शराब के नशे में तीन युवकों की ओर से महिला नर्सिंग अधिकारी से अभद्रता करने के मामले में बुधवार को नर्सिंग स्टाफ ने सांकेतिक प्रदर्शन कर विरोध जताया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मांगों पर जल्द कार्रवाई न होने पर नर्सिंग स्टाफ ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
नर्सिंग अधिकारियों के अनुसार चार अक्तूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे तीन युवक शराब के नशे में वार्ड में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला नर्सिंग अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गलत तरीके से छूने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ में असुरक्षा की भावना है। अस्पताल में इस तरह की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं और रात के समय नशे की हालत में अनावश्यक लोग अस्पताल परिसर में घूमते रहते हैं। नर्सिंग स्टाफ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन देकर प्रत्येक वार्ड में 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने, अनधिकृत वीडियोग्राफी पर रोक लगाने, वार्डों में अनावश्यक भीड़ और तीमारदारों के हस्तक्षेप को नियंत्रित करने तथा नर्सिंग अधिकारियों से अभद्रता या दुर्व्यवहार की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चार अक्तूबर की घटना में शामिल युवकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। वहीं जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि स्टाफ के साथ बैठक कर घटना की जानकारी ली जाएगी। रात में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और अतिरिक्त चौकीदार की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में नर्सिंग यूनियन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार, प्रेमा कुमारी, दीपा शाह, एलवीना मैथ्यू, विमला मैसी, गौतम कुमार, सुगंधा, प्रतिमा लखेड़ा, महेंद्र, विजय लक्ष्मी, बबीता गिरी, गंगोत्री, पूनम पंखोली, सविता चौहान आदि शामिल रहे।