छात्र नेता किशन के परीक्षा परिणाम पर उपजे विवाद से आक्रोशित हैं छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। छात्र नेता के परीक्षा परिणाम को लेकर उपजे विवाद से आक्रोशित एनएसयूआई के छात्रों ने गोपेश्वर में जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि किशन को छात्रसंघ चुनाव लड़ने से रोकने के लिए यह षड्यंत्र रचा जा रहा है।
एनएसयूआई की ओर से किशन सिंह छात्रसंघ अध्यक्ष की दावेदारी कर रहा था लेकिन शुक्रवार को श्रीदेव सुमन विवि ने उनके परीक्षा परिणाम को लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं किशन का कहना है कि उनके पास विवि से जारी अंकपत्र है जिसमें उन्होंने बीए के सभी सेमेस्टर पास किए हैं और एमए प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लिया है। ऐसे में विवि स्वयं की ओर से जारी परिणाम को संदिग्ध बता रहा है। उनके चुनाव लड़ने को लेकर भी संशय बना हुआ है। इससे आक्रोशित एनएसयूआई के छात्रों ने पीजी कॉलेज गोपेश्वर से मंदिर मार्ग तक रैली निकाली। छात्रों ने सरकार पर छात्रसंघ चुनाव में दखल अंदाजी करने का आरोप लगाया। कहा कि एनएसयूआई को चुनाव लड़ने से वंचित करने के लिए यह साजिश रची गई है। इस दौरान सूर्य प्रकाश पुरोहित, विपिन फास्वाण, सोहन, दीपक, मनीष, नितिन, मनोज, सुरेंद्र, अंशुल आदि मौजूद रहे।