श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के गोपेश्वर परिसर में मंगलवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा फीस लिए जाने का विरोध करते हुए विवि के कुलपति का पुतला फूंका। छात्रों ने कहा कि पहले ही कोरोना से अभिभावकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं, विवि की ओर से बिना परीक्षा के फीस वसूली जा रही है। विद्यार्थियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण स्नातक प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा हुई ही नहीं लेकिन विवि ने परीक्षा फीस ले ली है। छात्रों ने दूसरे, चौथे और पांचवें सेमेस्टर में सभी छात्राओं की परीक्षा फीस माफ करने की मांग की है। साथ ही गोपेश्वर महाविद्यालय के छात्रावास का संचालन भी शुरू करने की मांग की गई। इस मौके पर पूर्व विवि प्रतिनिधि विपिन फरस्वाण, संदीप नेगी, सूर्यप्रकाश पुरोहित, नितिन, अंकित, मनोज आदि मौजूद थे।