मनरेगा कार्यों में भुगतान न होने पर खत्याड़ी के ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
खंड विकास अधिकारी को दिए ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कहा यदि एक सप्ताह में कार्यों का भुगतान नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रधान शीला देवी के नेतृत्व में ब्लाक कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2014-15 में आधा दर्जन से अधिक विकास योजनाओं पर काम हुआ, लेकिन अभी तक इन कामों में लगे श्रमिकों का भुगतान नहीं हो पाया है।
ऐसे में ग्राम पंचायत में चालू वित्तीय वर्ष में भी काम नहीं हो पा रहे हैं। ग्राम प्रधान शीला देवी ने कहा कि भुगतान की मांग को लेकर लगातार विकास विभाग के अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन हर बार अधिकारी आश्वासन देकर मामला लटका रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि डेढ़ साल से ग्रामीण श्रमिकों को दिए जाने वाले रोजगार की गारंटी योजना पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शन करने वालों में महिला मंगल दल अध्यक्ष नीमा देवी, गायत्री देवी, मुन्नी देवी, बसंती देवी, पूजा, सतेश्वरी देवी, आशा, लक्ष्मण सिंह, राजेश्वरी देवी, सुरेंद्र खत्री और इंद्र सिंह आदि शामिल थे।
दूसरी ओर खंड विकास अधिकारी डीडी उनियाल ने कहा कि पूर्व में डाकघर में खाते होने के चलते दिक्कतें हुई थीं, लेकिन भुगतान में देरी किस स्तर पर हुई इसकी जांच की जाएगी।
साथ ही रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक और ग्राम्य विकास अधिकारी को एक सप्ताह में मामले का निस्तारण करने के लिए कहा गया है।