गोपेश्वर। चमोली जिले में भूस्खलन और भारी बारिश से 34 सड़कें बंद पड़ी हैं, जबकि बिजली लाइन के पोल क्षतिग्रस्त होने से 17 गांवों में तीन दिनों से बिजली सप्लाई भी ठप पड़ी है। ऐसे में ग्रामीण आपदा में रात खतरे के साए में बिता रहे हैं।
निजमुला घाटी के लिए सप्लाई हो रही बिजली लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से गाड़ी, सैंजी, ब्यारा, निजमूला, गौंणा, पगना, दुर्मी, धारकुमाला, तड़ागताल, मानुरा, पाणा, ईराणी, झींझी, पठेला, सेराबगड़ और जोशीमठ के डुमक व कलगोठ गांव में सप्लाई ठप है। ग्रामीण मोमबत्ती और छिल्लों के सहारे काम चला रहे हैं। शाम को जंगली जानवरों के आने का खतरा भी बना हुआ है। शुक्रवार को दूरसंचार की ओएफसी लाइन भी बदरीनाथ हाईवे पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से गोपेश्वर, जोशीमठ, कर्णप्रयाग, गौचर सहित पूरे जिले में संचार सेवा दिनभर ठप पड़ी रही। ब्यूरो
पोखरी को छोड़कर जिले के सभी हिस्सों में हुई बारिश
गोपेश्वर। चमोली जिले में बृहस्पतिवार रात को पोखरी ब्लाक को छोड़कर सभी जगहों पर बारिश हुई। गैरसैंण ब्लॉक में सर्वाधिक बारिश रिकार्ड की गई। यहां 22 मिमी बारिश हुई, जबकि घाट में 18 मिमी, जोशीमठ में 6.4 मिमी, दशोली में 2.2 मिमी, कर्णप्रयाग में 16 मिमी और थराली में 5.4 मिमी बारिश हुई।