कोरोना वायरस के संक्रमणकाल में ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। गांवों में मास्कों का वितरण तो दूर, सैनिटाइजर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तक नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तहसील के सभी गांवों को सैनिटाइज करने और मास्क वितरण की मांग उठाई।
कर्णप्रयाग ब्लॉक के अंतर्गत 93 ग्राम पंचायत और एक नगर पालिका है। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने को ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कीटनाशक का छिड़काव और मास्क वितरण के लिए बैठकें तो की जा रही हैं, लेकिन गांवों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई, प्रधान हरीश चौहान, लखपत सगोई, पुष्कर रावत आदि ने कहा कि तोप, सेम, भटोली, सिरोली, धारकोट, कालेश्वर, बैरफाला, घंडियाल, ऐरवाड़ी, कालेश्वर सहित तहसील के किसी भी गांव में प्रशासन की ओर से सैनिटाइजर और मास्क की व्यवस्था नहीं की गई है। वाहन नहीं चलने से ग्रामीण शहरों में जाकर ब्लीचिंग या मास्क नहीं खरीद पा रहे हैं।
वहीं, डीएम स्वाति एस भदौरिया का कहना है कि अधिकारियों को मेडिकल उपकरण, मॉस्क, सैनिटाइजर, ब्लीचिंग पाउडर व थोक विक्रेताओं के पास उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गांवों में सफाई रखने के लिए सभी तहसीलों को अतिरिक्त ब्लीचिंग पाउडर के पैकेट भेजे गए हैं।