देवाल। ब्लाॅक के दीदना गांव के लिए स्वीकृत साढ़े नौ किमी सड़क का निर्माण 16 साल बाद भी नहीं हो पाया है। सड़क नहीं बनने से ग्रामीण नौ किमी से अधिक की पैदल दूरी नाप रहे हैं। ग्राम प्रधान हुकम सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर सड़क निर्माण की मांग की।
ग्राम प्रधान हुकम सिंह बिष्ट ने बताया कि कुलिंग के आपदा प्रभावित गांव को सरकार ने दीदना में विस्थापित किया। दीदना के लिए वर्ष 2008 में साढ़े नौ किमी सड़क स्वीकृत हुई। फरवरी 2023 में सूया गांव में क्षतिपूर्ति के तहत पौधरोपण के लिए 12 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया लेकिन उसके बाद आगे की कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में ग्रामीणों को नौ किमी से अधिक पैदल दूरी तय कर गांव तक पहुंचना पड़ता है। प्रधान ने चुनाव के दौरान विधायक ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था लेकिन चुनाव के बाद सब भूल गए। वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि दीदना के लिए सड़क निर्माण की कार्यवाही को तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद