फोटो
कई गांवों का संपर्क कटा, ब्रिडकुल सड़क खोलने में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बिरही-निजमुला सड़क बोल्डर गिरने से ब्यारा के पास बंद हो गई। इससे निजमुला घाटी के 12 से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है।
बुधवार दोपहर को अचानक निजमुला घाटी को जोड़ने वाली सड़क ब्यारा के पास अवरुद्ध हो गई। लोगों को जिला मुख्यालय सहित अन्य जगह आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता भरत राणा का कहना है कि यह सड़क बार-बार बंद हो रही है। बरसात में ज्यादातर समय इस सड़क पर यातायात या तो बंद रहा या जोखिम उठाकर यहां से लोग जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से ब्यारा, पगना, निजमुला, गौणा, झींझी, पाणा, ईराणी, हडुंग, मोली मांडरा, दुर्मी सहित अन्य गांव का संपर्क कट गया है। सड़क बंद होने की सूचना पर ब्रिड़कुल ने जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार तक सड़क को खोल दिया जाएगा। बोल्डर होने से सड़क खोलने में समय लग रहा है।