पीपलकोटी टनल हादसे के घायलों को एकल अभियान अंचल की बहनों ने बांधी राखी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बीते दिनों पीपलकोटी टनल हादसे में घायल हुए श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। बुधवार को एकल अभियान अंचल गोपेश्वर से जुड़ी बहनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर टनल हादसे में घायल श्रमिकों को राखी बांधी और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। राखी बांधते समय श्रमिक भावुक हो गए।
श्रमिकों ने कहा कि घर से दूर रक्षाबंधन पर बहनों की याद आ रही थी लेकिन यहां मिले स्नेह से उन्हें परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ। घायल श्रमिकों की देखरेख में टीएचडीसी के फार्मासिस्ट आशीष खाली सहित उनके चार साथी भी अस्पताल में मौजूद रहे और उपचार एवं देखभाल में सहयोग कर रहे हैं। इस मौके पर अंचल प्रभारी अतुल शाह, सचिव हरि प्रसाद मामगाईं, महिला अध्यक्ष मीना तिवारी, नीरजा पंवार, अभियान प्रमुख रश्मि नेगी, दया पांड्या और अमीशा आदि शामिल रहे।
इंसेट
सीमा पर मुस्तैद सेना के जवानों को बांधी राखी
ज्योतिर्मठ। भारत-चीन सीमा पर तैनात सेना के जवानों की कलाई पर नीती घाटी की महिलाओं ने राखी बांधी। कागा व जुम्मा गांव की महिलाएं सेना के गोटिंग स्थित कैंप पहुंचीं और जवानों की कलाई पर राखी बांधी। महिलाओं ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन पर घर नहीं जा पाते और अपनी बहनों से नहीं मिल पाते। इसलिए वे जवानों को राखी बांधने पहुंची। इस मौके पर उर्मिला देवी, ममला, निर्मला देवी, बिछना देवी, राजेश्वरी देवी और सुशीला देवी आदि शामिल रहीं। संवाद