बदरीनाथ। चमोली जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी कार्यभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को सीधे बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
बदरीनाथ पहुंचने पर बीकेटीसी के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी ने डीएम का स्वागत किया और उन्हें बदरी विशाल का प्रसाद व अंगवस्त्र भेंट किया। डीएम ने पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल से मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और रिवर फ्रंट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्रह्मकपाल क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा भी लिया। अराइवल प्लाजा का निरीक्षण कर सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने तीर्थपुरोहित और पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भेंट की और उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, तहसीलदार महेंद्र आर्य, अधिशासी अधिकारी बदरीनाथ सुनील पुरोहित आदि मौजूद रहे। संवाद