बदरीनाथ हाईवे पर क्षेत्रपाल के बाद अब बिरही डेंजर जोन बना हुआ है। यहां पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण बार-बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है। शनिवार को हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आने से करीब पांच घंटे तक हाईवे बंद रहा। इस दौरान बदरीनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं के साथ ही सेना के जवानों व स्थानीय लोगों ने वाहनों में बैठकर ही हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के संरक्षण का जिम्मा संभाल रही एनएचआईडीसीएल कंपनी के पास आधुनिक मशीनों और मैन पावर का अभाव है, जिससे हाईवे समय पर नहीं खुल पा रहा है। शनिवार को सुबह दस बजे अचानक पहाड़ी से भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही रुक गई। हाईवे के दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एनएचआईडीसीएल की ओर से भूस्खलन क्षेत्र के दोनों ओर से पोकलैंड मशीनें तो लगाई गई, लेकिन मशीनें पुरानी होने के कारण समय पर मलबा नहीं हटाया जा सका, जिससे हाईवे खुलने में पांच घंटे लग गए। अपराह्न तीन बजे वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई।