बाल भोग के बाद विग्रह डोली ने माता मूर्ति मंदिर के लिए किया प्रस्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। बदरीनाथ धाम में रविवार को दो दिवसीय नर-नारायण महोत्सव हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। इसके तहत बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नर नारायण महोत्सव के तहत बदरीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना व बाल भोग के बाद भगवान नर-नारायण की विग्रह डोली ने माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया। यहां पूजा-अर्चना व दर्शन के बाद सूक्ष्म भोग लगाया गया। अपराह्न तीन बजे विग्रह डोली वापस बदरीनाथ मंदिर पहुंची। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश गौड़ ने बताया कि सोमवार को नर नारायाण भगवान की उत्सव डोली बदरीनाथ धाम का भ्रमण करेगी। साथ ही भगवान बदरीविशाल के जन्म स्थल लीला ढुंगी में भगवान नर नारायण का अभिषेक होगा। महोत्सव के दौरान बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मंदिर के अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी, राजेंद्र सेमवाल, पुजारी संजय डिमरी, दीपक सयाना, प्रभारी दफेदार कुलानंद पंत, वैभव उनियाल, प्रदीप राणा और अंबरीश मेहता आदि मौजूद रहे।