बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी गोपेश्वर नगर पालिका से कार्यों का हिसाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही सूचना अधिकार के तहत पालिका में हो रहे कार्यों की सूचना मांगेंगे।
पालिका में हो रहे कार्यों की प्रक्रिया, टेंडर और ठेकेदारों की सूचना सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में नंदा राजजात के कार्यों में कोई वित्तीय अनियमितता नहीं हुई है। राजनीति द्वेष की भावना से मात्र अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं।
लोनिवि गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक भंडारी ने कहा कि जिला पंचायत में नंदा राजजात कार्यों के लिए मात्र दो करोड़ 89 लाख रुपये आए थे।
यदि पंचायत को शासन से 25 करोड़ स्वीकृत हुए तो इसकी जांच होनी चाहिए। बाकी बची धनराशि कहां है, यह भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में उन पर हरियाली योजना में भी करोड़ों के घोटाले का आरोप लगा था, लेकिन जांच में मामला निराधार पाया गया।
इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता ओम प्रकाश नेगी, सुदर्शन शाह, गजेंद्र राणा, अन्नू कठैत और अरविंद नेगी आदि मौजूद थे।