पुलिस मैदान में रौंग्पा जनजाति सांस्कृतिक एवं खेल विकास समिति की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए, जिसमें जय नंदा देवी और अनसूया इलेवन ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच जय नंदा देवी इलेवन और बागेश्वर इलेवन के बीच खेला गया। जय नंदा देवी इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में 129 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए बागेश्वर इलेवन की टीम निर्धारित ओवर में 74 रन पर सिमट गई। मैन ऑफ द मैच जय नंदा के रोहित को दिया गया।
रोहित ने तीन छक्के और तीन चौके की मदद से 42 रन बनाकर एक ओवर में एक विकेट लिया। दूसरा मैच तनुस इलेवन और अनसूया इलेवन के बीच खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए तनुस इलेवन ने नौ ओवर में 30 रन बनाए। इस आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए अनसूया इलेवन की टीम ने दस विकेट से जीत हासिल की। इससे पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत ने मैच का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।