शनिवार को गदेरा उफान पर आने से बह गई थी पुलिया
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। नगर पालिका जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी वार्ड के पैंका गांव में शनिवार को गदेरा उफान पर आने से रास्ता और पुलिया बह गई थी। जिससे गांव के 22 परिवारों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई थी। नगर पालिका की ओर से यहां पर रविवार को वैकल्पिक पुलिया बनाकर आवाजाही सुचारू करवा दी गई है।
पैंका गांव से आवाजाही के लिए गदेरे पर पुलिया बनी हुई थी जो शनिवार को बह गई। साथ ही पैदल रास्ता भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। शनिवार से ही नगर पालिका की ओर से यहां पर रास्ते को खोलने का काम शुरू कर दिया गया था। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भारत भूषण ने बताया कि क्षतिग्रस्त रास्ते को ठीक करके गदेरे में वैकल्पिक पुलिया बनाकर आवाजाही सुचारू कर दी गई है। जल्द ही यहां पर पक्की पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। संवाद