एस बैंड के पास पुश्ते हैं टूटे, नाली भी नहीं बनी
पोखरी में सड़क के लिए अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पोखरी विकास खंड में मोहनखाल-ताली-कंसारी (60 किमी) सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू न करने पर पीएमजीएसवाई ने ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया है। अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी जिसके बाद डामर बिछाने के साथ ही मरम्मत का कार्य शुरू होगा।
मोहनखाल से ही सड़क बदहाल स्थिति में है। ब्राह्मण थाला गांव में देवी प्रसाद थपलियाल के घर के पीछे सड़क पर जल भराव हो रहा है। बुडाकट्ठा और चोपतापातल में एस बैंड के पास पुश्ते टूटे हैं साथ ही नाली का निर्माण भी नहीं किया गया है जिससे बारिश का पानी आबादी क्षेत्र में घुस रहा है। ग्राम प्रधान थाला ब्राह्मणगांव दीपक थपलियाल का कहना है कि कई वर्षों से सड़क सुधारने की मांग की जा रही है। तहसील दिवस में भी यह मांग उठाई गई। मगर सड़क की मरम्मत नहीं की गई। वहीं ताली गांव में पुलिया के बीच में छेद हो गया है। अस्पताल भवन के नीचे और भूतनाथ मंदिर के समीप भी सड़क पर दलदल की स्थिति है। वहीं पीएमजीएसवाई के ईई मदनमोहन बिजल्वाण ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य न करने पर ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। अब दस दिन में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर की जाएगी जिसके बाद काम शुरू होगा।