पोखरी। पोखरी-वल्ली हरिशंकर मार्ग पर एक मकान मलबे में दब गया और पांच लोग वहां फंस गए। सूचना पर आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और दबे लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। यह सब बरसात में आपदा की तैयारियों को जांचने के लिए तहसील प्रशासन की ओर से की गई मॉक डि्रल के तहत हुआ। इस दौरान संबंधित विभागों की तैयारी, तत्परता और आपदा की सूचना पर रिस्पांस को परखा गया।
उपजिलाधिकारी पोखरी संतोष कुमार पांडे के नेतृत्व में मिनी स्टेडियम विनायक धार में अधिकारी-कर्मचारी एकजुट हुए। आपदा की सूचना पर एसडीएम ने आब्जर्विंग अधिकारी पीएमजीएसवाई के ईई परशुराम चमोली सहित अन्य अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को जेसीबी के साथ मौके पर भेजा। दबे लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। एसडीएम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान यूपीसीएल के अवर अभियंता धीरेंद्र भंडारी, नायब तहसीलदार हरीशचंद्र पांडे, खंड विकास अधिकारी पन्ना लाल आर्य, खंड शिक्षा अधिकारी डाॅ. भास्कर बेवनी, आरके मोहन सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।