बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के साथ ही चमोली जिला प्रशासन भी यात्रा तैयारियों में जुट गया है। यात्रा तैयारियों को लेकर डीएम विनोद कुमार सुमन ने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डीएम ने सभी अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
बैठक में बदरीनाथ हाईवे की समीक्षा करते हुए डीएम ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई व बीआरओ को हाईवे पर अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण के निर्देश दिए।
विभागों को हाईवे के डेंजर जोनों को चिह्नित कर उसकी सूची तैयार करने के भी आदेश दिए। कहा कि यात्रा के दौरान हाईवे बंद होने पर मार्ग पर 60-70 किमी पहले से तख्तियों और बोर्डों के जरिए यात्रियों को हाईवे बंद होने की जानकारी दी जाएगी। ताकि यात्रियों को दिक्कतें न हों।
उन्होंने दूरसंचार विभाग को यात्राकाल के दौरान संचार सेवा सुचारु रखने, पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर वायरलेस सिस्टम दुरुस्त करने, यात्रा मार्ग पर पीआरडी और होमगार्ड की संख्या बढ़ाने तथा आपदा राहत एवं बचाव कार्य का प्रशिक्षण देने की बात कही। कहा कि यात्रा मार्ग के लामबगड़ और टंगणी में अस्थायी पुलिस चौकी बनाई जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, जल संस्थान व ऊर्जा निगम सहित सभी विभागों को यात्री सुविधाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार, प्रीति प्रियदर्शनी, शिव कुमार बरनवाल, जीसी विश्वकर्मा, चंद्रशेखर जोशी और डा. विराज शाह आदि मौजूद थे।