नीती घाटी की आराध्य देवी मां नंदा की डोली अपने आठवें पड़ाव झेलम गांव पहुंची। माता की डोली का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान गांव में मुखौटा नृत्य आयोजित किया गया। मलारी और नीती गांव में भी माता की डोली के आगमन पर मुखौटा नृत्य होगा।
बीते छह सितंबर से लाता गांव की मां नंदा की दिवारा यात्रा शुरू हुई थी। माता की दिवारा यात्रा में प्रवासी ग्रामीण भी शामिल हो रहे हैं। इन दिनों नीती घाटी के गांवों में त्योहार जैसा माहौल है। दिवारा भ्रमण के तहत बृहस्पतिवार को माता की डोली अपने आठवें पड़ाव झेलम गांव पहुंची। लाता नंदा देवी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी पुष्कर सिंह राणा ने बताया कि अपनी आराध्य देवी के दर्शनों के लिए ग्रामीणों में उत्साह बना है। माता की डोली तोलमा, फाक्ती, जुम्मा, कागा, द्रोणागिरी, गरपक और सेलंग गांवों का भ्रमण कर चुकी है।