बदरीनाथ हाईवे पर मारवाड़ी में दस मीटर तक ध्वस्त हुआ हाईवे।
- फोटो : GOPESHWAR
बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के बाद अब मारवाड़ी भूस्खलन जोन मुसीबत का सबब बन गया है। बुधवार को मारवाड़ी में हाईवे का करीब दस मीटर हिस्सा अलकनंदा में समा गया । जिससे यहां पर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जा रहे यात्रियों के वाहनों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां चट्टानी भाग पर अटके बड़े-बड़े बोल्डर भी खतरे का सबब बने हुए हैं। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से मारवाड़ी में हाईवे चौड़ीकरण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बीते दिनों हुई जोरदार बारिश से अलकनंदा का जल स्तर बढ़ गया जिससे बुधवार को सुबह करीब छह बजे मारवाड़ी में हाईवे का करीब दस मीटर हिस्सा भरभराकर अलकनंदा में समा गया। यहां नदी के कटाव से हाईवे को अभी भी खतरा बना हुआ है। मारवाड़ी से होते हुए ही वाहनों से तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर पहुंचते हैं। इस स्थान पर हाईवे संकरा होने के कारण यात्रा वाहनों को आवाजाही में दिक्कतें पैदा हो रही हैं। जोशीमठ के एसडीएम अनिल कुमार चन्याल का कहना है कि हाईवे का सुधारीकरण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बीआरओ की ओर से हिल साइड बोल्डरों का कटान कर हाईवे का सुधारीकरण किया जा रहा है।