देवाल क्षेत्र के भौरियाबगड़ गांव में भालू के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और राजस्व पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गयी है।
भौरियाबगड़ गांव के खिलाप सिंह ने बताया कि मंगलवार को भौरियाबगड़ के चंदन राम (37) अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल में गया था। इसी दौरान दोपहर एक बजे भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे चंदन राम की मौके पर ही मौत हो गयी। निर्वतमान ग्राम प्रधान कमला देवी, जसपाल गड़िया, कंचन सिंह ने जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की। वन विभाग के रेंज अधिकारी टीएस बिष्ट ने कहा कि वन विभाग की टीम को घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।