समुद्र तल से 15200 फुट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र हेमकुंड साहिब में हेलीपैड निर्माण की मांग फिर से उठने लगी है। हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री से इसी यात्राकाल में हेमकुंड में हेलीपैड की व्यवस्था की मांग की। कहा कि यहां हेलीपैड बनने से यात्रा के दौरान आपातकालीन परिस्थिति में इसका इस्तेमाल हो सकेगा।
हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को गोविंदघाट से 19 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। वर्ष 2017 से गोविंदघाट से घांघरिया तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई, लेकिन इससे आगे सात किमी की दूरी यात्रियों को पैदल ही तय करनी पड़ती है। कई असहाय तीर्थयात्री घोड़े व डंडी-कंडी में बैठकर सफर तय करते हैं। हेमकुंड अधिक ऊंचाई पर होने के कारण कई तीर्थयात्री बीमार पड़ जाते हैं। यात्रियों को तत्काल उपचार भी नहीं मिल पाता है। इसलिए हेमकुंड साहिब में हेलीपैड की व्यवस्था हेली सेवा शुरू की जाए। इधर, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ एनबी शर्मा का कहना है कि नागरिक उड्डयन विभाग से प्रस्ताव मिलने के बाद हेमकुंड साहिब क्षेत्र में हेलीपैड की व्यवस्था की जाएगी।