कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जिला मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग की 565.43 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और बदरीनाथ व केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थलों की आरती व पूजाओं के दर्शनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का लाभ तभी मिलेगा जब शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम के अलावा जो धार्मिक और पर्यटन स्थल हैं उनको विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए औली-गोरसों व अन्य स्कीइंग क्षेत्रों को प्रमोट करने, जिले में एयरपोर्ट बनाने के लिए जमीन चिह्नित करने, पर्यटन स्थलों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए हेलीपैड बनाने, सीमांत गांवों में होमस्टे को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य बदरी, कार्तिक स्वामी और कालीमठ के विकास के लिए योजना तैयार की जा चुकी है। बैठक में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़कें सुधारने के दिए निर्देश
- महाराज ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी निकासी के लिए नाली बनाने, झाड़ियों का कटान और सड़कें गड्ढे मुक्त करने के भी निर्देश दिए। कहा कि गोपेश्वर में जाम की समस्या दूर करने के लिए बाईपास पर काम जल्द शुरू करें। उन्होंने रुद्रनाथ ट्रैक को लोनिवि को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव देने को कहा।
इन योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
- 58.87 लाख से ग्वालदम-बैजनाथ मार्ग के ताल से बेनीताल तक तीन किमी सड़क पर पीसी और डामरीकरण कार्य, 88.29 लाख से जूनीधार-गाठिंडा-टुंडी मार्ग का निर्माण, नंदानगर चाका गांव में 12 लाख में पंचायत भवन निर्माण का लोकार्पण किया गया। साथ ही 147.82 लाख से नारायणबगड़-चोपता मार्ग से पैठाणी तक सड़क निर्माण, 58.97 लाख से कोड़वा बैंड से देवस्थली मार्ग निर्माण, 55.46 लाख से हरमनी करच्यूड़ा मार्ग के किमी एक से विणगांव-झंगोरगांव-एससी बस्ती हरमनी तल्ली तक सड़क निर्माण, विभिन्न गांवों में 1.44 करोड़ से पंचायत भवनों के निर्माण का शिलान्यास किया गया।