आंबेडकर जयंती पर नो योर लीडर कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया
- सांसद बलूनी और स्पीकर ओम बिड़ला ने की सराहना
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित नो योर लीडर कार्यक्रम में कर्णप्रयाग की बेटी महक अंसारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महक ने न केवल राज्य का प्रतिनिधित्व किया बल्कि गढ़वाली वेशभूषा और गढ़वाली बोली में भाषण देकर सबका दिल जीत लिया।
महक के स्वजन इम्तियाज ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम के लिए देशभर के स्कूलों और कॉलेजों से चयन प्रक्रिया के बाद कुल 36 छात्र-छात्राओं को चुना गया था। उत्तराखंड से महक अंसारी एकमात्र छात्रा थीं जिन्हें संसद के पटल पर बोलने का गौरव प्राप्त हुआ। महक ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों पर गढ़वाली भाषा में भाषण दिया। इसे सुनकर पूरे सदन, सांसद अनिल बलूनी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महक को बधाई दी। महक अंसारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है। उनके बड़े भाई सैफ अंसारी एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। दूसरे भाई शादमान अंसारी (एमएससी, रसायन विज्ञान) ने महक को भाषण तैयार करने और शोध करने में मदद की।