भगवान बदरीनाथ को न्यौता देने माणा गांव से पहुंचे भगवान घंटाकर्ण।
- फोटो : GOPESHWAR
बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति उत्सव का आयोजन शनिवार को मनाया जाएगा। हर साल द्वादशी पर भगवान बदरीविशाल अपनी माता मूर्ति देवी को मिलने माणा स्थित मातामूर्ति के मंदिर जाते हैं। शुक्रवार शाम को माणा गांव से श्री घंटाकर्ण महाराज भगवान बदरीविशाल को न्योता देने पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-दमाऊं के साथ बदरीनाथ मंदिर पहुंचे। शनिवार (आज) सुबह 9:30 पर बाल भोग के बाद भगवान बदरीनाथ जी की गद्दी और श्री उद्धव जी की डोली माता मूर्ति मंदिर माणा के लिए प्रस्थान करेगी। देवस्थानम् बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि डोली के साथ रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी सहित अन्य लोग भी शामिल रहेंगे। इस दौरान बदरीनाथ धाम के कपाट बंद किए जाते हैं। दोपहर में उद्धव जी माता मूर्ति से भेंट करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद भगवान बदरीविशाल का दिन का भोग मातामूर्ति मंदिर में ही लगेगा। शाम साढ़े तीन बजे उद्धव जी की डोली वापस बदरीनाथ धाम पहुंचेगी और बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुल जाएंगे। संवाद