पोखरी। मोहनखाल बाजार में बुधवार रात को छह दुकानों के ताले तोड़े दिए। एक दुकान से सामान व नकदी चोरी की गई जबकि अन्य पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की कोशिश की गई। व्यापारियों की सूचना पर पुलिस ने दुकानों का निरीक्षण किया।
बृहस्पतिवार सुबह जब मोहनखाल में व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो वहां दर्शनी देवी, राजीव सिंह, बलवीर सिंह, बटीपाल, जयदीप सिंह और दीपक थपलियाल की दुकानों के ताले टूटे मिले। दर्शनी देवी की दुकान से सात ट्रैक सूट, अन्य सामान और चार हजार रुपये की चोरी की गई। व्यापारियों की सूचना पर पोखरी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पोखरी थानाध्यक्ष मनोज सिरोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाकर गश्त बढ़ाई जाएगी। दूसरी ओर मोहनखाल व्यापार संघ ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर चोरों को तुरंत पकड़ने, बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने, लापरवाह पुलिस कर्मियों को हटाकर नए पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की। वहीं व्यापारियों से दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, उपाध्यक्ष राजीव नेगी, दीपक थपलियाल, पुष्कर बिष्ट, वासुदेव नेगी, रविंद्र नेगी, अनिल राणा, जयदीप बिष्ट आदि लोग मौजूद रहे। संवाद