महाविद्यालय तलवाड़ी में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर छात्र संघ का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को छात्र संघ अध्यक्ष नवीन चंदोला तथा कोषाध्यक्ष किरन चिनवान के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। साथ ही शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
नवीन चंदोला ने कहा कि तीन ब्लाकों और सबसे बड़ी तहसील के एकमात्र महाविद्यालय में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
कहा कि जो छात्र आर्थिक स्थिति से मजबूत हैं वे तो कर्णप्रयाग, गोपेश्वर, श्रीनगर और देहरादून जैसे दूसरे कालेजों की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन गरीब छात्रों को पूछने वाला कोई नहीं है।
कहा कि महाविद्यालय में 500 से अधिक गरीब छात्र-छात्राएं हैं, जो महाविद्यालय पढ़ने आते हैं लेकिन शिक्षक न होने के कारण उनका समय बर्बाद हो जाता है।
छात्र नेता मनोज चिनवान, प्रदीप जोशी और संजू बोरा आदि का कहना है कि अब झूठे आश्वासनों में नहीं आएंगे और अपना आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य एम. सी नैनवाल का कहना है कि शिक्षकों की नियुक्ति का मामला शासन स्तर का है।
उच्च शिक्षा निदेशालय को इस संबंध में अवगत करा दिया है। प्रदर्शन करने वालों में उपाध्यक्ष सूरज विष्ट, नवीन सती, मुकेश बिष्ट, सुनील बिष्ट, तनुजा, मुक्ता, संजू बोरा, मनोज, प्रकाश सिंह, ज्योति, विमला सुरेंद्र सिंह आदि छात्र-छात्राएं मौजूद थे।