सीडीओ ने बैठक में कहा, रीप के माध्मय से स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराई जाएगी सहायता राशि
अधिकारियों को सभी कार्य तय समय सीमा पर पूरा करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। इसी वर्ष आयोजित होने वाली मां नंदा की बड़ी जात और आगामी वर्ष नंदा राजजात के दौरान स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रीप के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों, सेवाओं व व्यवस्थाओं को बढ़ावा मिलेगा और यात्रा के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर सुदृढ़ होंगे।
नंदा बड़ी जात/राजजात की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। सीडीओ ने कहा कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा पर पूरा कर लिया जाए। ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। कहा कि यात्रा पड़ावों पर महिला समूहों और ग्रामीणों को टेंट कॉलोनी व खाने-पीने के स्टॉल लगाने वालों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सीडीओ ने कहा कि कर्णप्रयाग-नौटी-पैठाणी, नंदानगर-रामणी, थराली-मुंदोली-वाण और ग्वालदम-नंदकेसरी सड़क सहित अन्य राजजात के सभी पैदल मार्गों के सुधारीकरण व मरम्मत कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरे किए जाएं। बैठक में नंदा बड़ी जात/राजजात से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने तैयारियों, निर्माण कार्य, सुविधाओं सहित अन्य बिंदुओं पर सुझाव दिए। सीडीओ ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को इसके लिए निर्देशित किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, नंदा देवी बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल (सेनि) हरेंद्र सिंह रावत, राजजाज समिति के पदाधिकारी भुवन नौटियाल सहित अन्य अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे।