पीपलकोटी/गोपेश्वर। चमोली-पीपलकोटी के बीच दुर्गापुर में हाईटेंशन लाइन पर काम करते हुए करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। लाइन पर आए फाॅल्ट को ठीक करने के लिए लाइनमैन अकेले ही गया था।
बुधवार को पीपलकोटी से लेकर निजमुला घाटी में 11केवी की हाईटेंशन लाइन पर फॉल्ट आने से बिजली सप्लाई बंद हो गई। फाॅल्ट ठीक करने के लिए संविदा कर्मी प्रदीप कुमार (32) पुत्र गेंदा लाल, निवासी बिरही दुर्गापुर अकेले ही चला गया। जब लाइनमैन से विभागीय कर्मचारी का संपर्क नहीं हुआ तो वह उसे तलाशने क्षेत्र में गए। मौके पर देखा तो प्रदीप कुमार का शव खंभे से लटका हुआ था। ऊर्जा निगम गोपेश्वर के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने कहा कि लाइन पर काम करने के दौरान संविदा कर्मी प्रदीप को करंट लगा और उसकी मौत हो गई। उसने शटडाउन भी ले रखा था। मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद
इंसेट
निजमुला घाटी में दिन भर ठप रही बिजली
पीपलकोटी। निजमुला घाटी के 13 गांवों के साथ ही पीपलकोटी क्षेत्र में बुधवार को दिनभर बिजली सप्लाई ठप रही। लाइनमैन की मौत के बाद भी ऊर्जा निगम के कर्मचारी फाल्ट को ढूंढने नहीं जा पाए, जिस कारण बिजली की सप्लाई नहीं हो पाई। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी क्षेत्र में बिजली सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई थी। संवाद