शोर मचाया तो भागा, गले पर नाखूनों से गहरे जख्म हुए
महिला को पांच टांके आए, ग्रामीणों ने गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के नेल-कुड़ाव गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो गुलदार भाग गया। ग्रामीणों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के गले पर गुलदार के नाखूनों से जख्म हो गए हैं। ग्रामीणों ने विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाने की मांग की।
वन सरपंच विरेंद्र असवाल ने बताया कि रविवार सुबह हीरा देवी (45) पत्नी रघुवीर सिंह रावत अपने घर के समीप शौचालय जा रही थी। तभी वहां घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर लिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो गुलदार भाग गया। लहूलुहान हालत में हीरा देवी को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉ. दीपक नेगी और डॉ. अश्विनी गोस्वामी ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। गले पर पांच टांके आए हैं। सूचना मिलने पर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के दरोगा अनूप पंवार भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि क्षेत्र में दो गुलदार घूम रहे हैं, जिस स्थान पर गुलदार ने महिला पर हमला किया वह आम रास्ता है। ऐसे में लोगों को आने-जाने में भी डर लग रहा है। रेंजर प्रदीप गौड़ ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा। गांव में विभागीय टीम भेजी जा रही है।