आदिबदरी। तहसील के मज्याड़ी मल्ली के नरेंद्र सिंह नेगी ने गांव में ही बैग और ट्रैक सूट बनाने का स्वरोजगार शुरू कर मिसाल पेश की है। नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कांसुवा इंटर काॅलेज से इंटर की पढ़ाई के बाद फौज में नौकरी करने की इच्छा जागी और 17 बार फौज की भर्ती के लिए परीक्षा दी। मगर लंबाई कम होने के कारण वे भर्ती नहीं हो सके। उसके बाद उन्होंने गुरुग्राम में एक होटल में नौकरी की। बाद में ट्रैक सूट और बैग बनाने का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद गांव में कारोबार शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस व्यवसाय से 25 से 30 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है। इसके अलावा कीवी की बागवानी भी नरेंद्र सिंह कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य विशंभरी देवी ने नरेंद्र के प्रयासों की सराहना की। संवाद