ज्योतिर्मठ। चारधाम यात्रा में यात्रियों की सीमित संख्या सहित अन्य मांगों को लेकर होटल एसोसिएशन की ओर से आठ अप्रैल को ज्योतिर्मठ में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
चारधाम होटल एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सीमित संख्या की बाध्यता को खत्म किया जाए। अनावश्यक पुलिस बैरिकेडिंग व चेकिंग प्वाइंट को हटाया जाए और चारधाम यात्राकाल में व्यावसायिक गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए व्यवस्था की जाए। व्यवसायियों ने कहा कि बीते 16 फरवरी को गढ़वाल आयुक्त के साथ हुई बैठक में यात्रियों की सीमित संख्या समाप्त करने की मांग रखी थी। आयुक्त ने इस पर जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब बुधवार को होटल एसोसिएशन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। इसमें व्यापार सभा, तीर्थ पुरोहित, हकहकूकधारी, डंडी कंडी से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। ज्ञापन देने वालों में चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता, अजय भट्ट, राकेश रंजन भिलिंगवाल और विशेश्वर नैथानी आदि मौजूद रहे। संवाद